नयी दिल्ली , सितंबर 29 -- पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंगलवार को भारतीय वन एवं लकड़ी प्रमाणन योजना के तहत आंध्र प्रदेश वन विकास निगम और ओडिशा के एक बांस किसान को पहला 'प्रमाण' प्रमाण पत्र प्रदान किया।

श्री यादव ने यह प्रमाण पत्र देते हुए मंगलवार को यहां कहा कि 'प्रमाण' के तहत यह जांचा जाता है कि वन, वृक्षारोपण और कृषि वानिकी का प्रबंधन निर्धारित पर्यावरणीय और सामाजिक मानकों के अनुरूप टिकाऊ तरीके से किया जा रहा है। स्वतंत्र तृतीय-पक्ष ऑडिट के बाद मिलने वाला यह प्रमाण पत्र उत्पादकों को प्रमाणित लकड़ी और वन उत्पादों के घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने में मदद करता है।

आंध्र प्रदेश वन विकास निगम को 33 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में किए गए वृक्षारोपण के लिए तथा ओडिशा बांस विकास एजेंसी से जुड़े एक किसान को प्रमाण पत्र दिया गया। प्रमाणन से पहले वृक्षारोपण का क्षेत्रीय और प्रबंधन ऑडिट किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित