भोपाल गुना , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश के गुना जिले में हवाला से जुड़ी राशि के मामले में कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर रिश्वत लेकर गुजरात के व्यापारी की कार को छोड़ने के मामले में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कड़ी कार्रवाई करते हुए गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी को वहां से हटाने के आदेश दिए।
डॉ यादव ने कल रात इस बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि गुना जिले में तलाशी में मिली नक़द राशि के प्रकरण में पुलिस अधीक्षक की भूमिका को यथोचित न मानते हुए तत्काल प्रभाव से जिला पुलिस अधीक्षक, गुना अंकित सोनी को हटाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक शिथिलता, लापरवाही अथवा अनियमितता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी और दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
दरअसल चार दिन पहले गुना जिले में नियमित चेकिंग के दौरान जिला पुलिस ने गुजरात के नंबर की एक कार से कथित तौर पर करोड़ों रुपए की राशि जब्त की थी। ये राशि हवाला से जुड़ी हुई बताई गई थी। इसके बाद कथित तौर पर चार पुलिसकर्मियों ने कार मालिक से 20 लाख रुपए की रिश्वत लेकर कार काे छोड़ दिया था।
बताया गया कि वो कार गुजरात के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के संबंधी की थी। सूत्रों की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुजरात पुलिस की ओर से इस संबंध में गुना के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिसकर्मियों द्वारा लिए गए 20 लाख रुपए भी व्यापारी को लौटा दिए गए। आरोपी पुलिसकर्मियों पर पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बाद अब मुख्यमंत्री डॉ यादव ने पुलिस अधीक्षक को भी हटाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई के बाद गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार वरिष्ठ महिला पुलिस अधिकारी हितिका वसल को पुलिस अधीक्षक, गुना बनाया गया है। वे अब तक इंदौर में विसबल 15वीं वाहिनी में पदस्थ थीं। वहीं अंकित साेनी गुना से हटा कर पुलिस मुख्यालय भेजे गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित