अलवर , जुलाई 26 -- केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव और वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने पावन जगन्नाथ मेले के अवसर पर रुपबास कटीघाटी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान श्री जगन्नाथ जी एवं माता जानकी जी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करके देश-राज्य में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर श्री यादव ने देश एवं राज्य में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करके धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से परिपूर्ण भगवान जगन्नाथ मेला सभी के लिए आनंद और ऊर्जा का स्रोत है।
इस अवसर पर राजस्थान के वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर में पावन मेले के अवसर पर विप्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित 'रक्तदान शिविर' कार्यक्रम में शिरकत कर रक्तवीरों की हौसला-अफजाई की। उन्होंने रक्तदान जैसे पुण्य एवं जीवनरक्षक कार्य को समाज सेवा का सर्वोत्तम माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल किसी के जीवन की रक्षा करता है, अपितु समाज में परोपकार एवं सेवा भाव का संचार भी करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित