उज्जैन , जून 20 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव तथा केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना के तहत चल रहे टनल निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री डॉ यादव एवं केंद्रीय मंत्री खट्टर ने आज प्रातः परियोजना के निरीक्षण के दौरान टनल भाग में उतरकर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा भी लिया। निरीक्षण के दौरान चिंतामन जवासिया गांव के समीप स्थित शाफ्ट नंबर-2 पर फेस नंबर-3 के कार्य की विस्तृत जानकारी ली गई।

एसीएस डॉ राजेश राजौरा द्वारा केंद्रीय मंत्री खट्टर को योजना की विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। इसके अलावा टनल पहुंच एवं रखरखाव संबंधी तकनीकी पहलुओं की जानकारी भी दी गई।

परियोजना का मुख्य उद्देश्य कान्ह नदी के दूषित जल को शहर में शिप्रा नदी के प्रमुख घाटों एवं तीर्थ स्थलों में मिलने से रोकना है, जिससे शिप्रा नदी का जल पवित्र एवं स्वच्छ बना रहे। परियोजना के अंतर्गत ग्राम जमालपुरा, तहसील उज्जैन में कान्ह नदी पर एक बैराज का निर्माण किया जा रहा है, जिससे दूषित जल को क्लोज डक्ट के माध्यम से 30.15 किमी की दूरी तय कर गम्भीर बांध के डाउनस्ट्रीम में छोड़ा जाएगा। परियोजना की प्रशासकीय स्वीकृति राशि 919.94 करोड़ रुपए है।

मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री ने निरीक्षण के दौरान परियोजना से जुड़े अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की और कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित