नयी दिल्ली , दिसंबर 08 -- देश में यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री नवंबर में सालाना 19.71 प्रतिशत बढ़कर 3,94,152 पर पहुंच गयी जबकि दुपहिया वाहनों की बिक्री 25,46,184 इकाई रही जो एक साल पहले के मुकाबले 3.10 प्रतिशत कम है।
यात्री वाहनों में कारों, उपयोगी वाहनों और वैनों को शामिल किया जाता है।
वाहन डीलरों के संगठन फाडा ने सोमवार को खुदरा बिक्री के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले साल दिवाली और धनतेरस अक्टूबर से अंत में था और इस अवसर पर की गयी खरीदारी का काफी बड़े हिस्से का पंजीकरण नवंबर में हुआ था। पिछले साल के मजबूत आंकड़ों के परिप्रेक्ष्य में इस साल यात्री वाहनों की बिक्री में वृद्धि काफी बड़ी है क्योंकि यह त्योहारी मांग के बाद के महीने में आयी है। फाडा के अध्यक्ष सी.एस. विग्नेश्वर ने कहा कि ये आंकड़े ग्राहकों के विश्वास और देश के वाहन बाजार की ढांचागत मजबूती का प्रमाण हैं। साथ ही वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में की गयी कटौती का भी असर रहा।
नवंबर में वाहनों की कुल खुदरा बिक्री 2.14 प्रतिशत बढ़कर 33,00,832 इकाई पर पहुंच गयी। तिपहिया वाहनों की बिक्री 23.67 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,33,951 इकाई और ट्रैक्टरों की 56.55 प्रतिशत बढ़कर 1,26,033 इकाई हो गयी।
वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 19.94 प्रतिशत बढ़ी जबकि वाणिज्यिक इक्विपमेंट्स में 16.51 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित