भिंड , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश के भिंड जिले के मिहोना बायपास पर आज तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस युवक को करीब सौ मीटर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने जाम लगा दिया। हादसे में मृतक की पहचान जसवंत जाटव (35) के रूप में हुई है।
बताया गया कि जसवंत मच्छर रोड से मछरिया रोड होते हुए अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रौन की ओर से आ रही निजी यात्री बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी तेज थी कि बाइक सवार जसवंत बस के नीचे फंस गया और चालक उसे करीब सौ मीटर तक घसीटता ले गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मिहोना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन जब तक घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक पुलिस शव को पीएम हाउस ले जा चुकी थी। इससे नाराज स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश फैल गया।
गुस्साए लोगों ने स्कूल के पास बायपास पर जाम लगा दिया, जो करीब डेढ़ घंटे तक चला। इस दौरान तेज रफ्तार बस चालक और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस से तीखी बहस भी हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मच्छर-मछरिया बायपास एक्सीडेंटल पॉइंट बन चुका है। यहां से गुजरने वाले वाहन 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलते हैं, जिससे बायपास पार करने वाले लोग अक्सर हादसे का शिकार हो जाते हैं। लोगों के मुताबिक, बीते एक साल में यह तीसरी मौत है, जबकि 5 से 6 गंभीर दुर्घटनाओं में लोग घायल भी हो चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित