मुरादाबाद , जुलाई 10 -- रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दो ग्रीष्मकालीन विशेष (समर स्पेशल) ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें पूर्व निर्धारित मार्ग, ठहराव, समय, रेक संरचना तथा अन्य व्यवस्थाओं के अनुसार ही संचालित होती रहेंगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शुक्रवार को बताया कि ट्रेन संख्या 04811 बाड़मेर-हरिद्वार समर स्पेशल का पूर्व निर्धारित संचालन 16 जुलाई को समाप्त होना था, लेकिन यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए इसके संचालन की अवधि बढ़ा दी गई है। यह ट्रेन अब पूर्ववत प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को 20 जुलाई से 27 अगस्त तक कुल 12 अतिरिक्त फेरों के लिए संचालित की जाएगी।

इसी प्रकार, वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 04812 हरिद्वार-बाड़मेर समर स्पेशल का संचालन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 जुलाई तक होना था। रेल प्रशासन ने इसकी अवधि में भी विस्तार करते हुए इसे पूर्ववत प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को 21 जुलाई से 28 अगस्त तक कुल 12 अतिरिक्त फेरों के साथ चलाने का निर्णय लिया है।

रेल प्रशासन का कहना है कि संचालन अवधि बढ़ाए जाने से उत्तराखंड और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और त्योहारी एवं अवकाश के दौरान बढ़ी यात्री भीड़ के प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित