सिद्धार्थनगर , नवंबर 01 -- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने रिजर्व पुलिस लाइन से यातायात जागरूकता रैली को आज दोपहर 1:30 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने विभिन्न प्रमुख चौराहों से गुजरते हुए लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।
रैली रिजर्व पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर पावर हाउस तिराहा, सिद्धार्थ तिराहा, पेट्रोल पंप तिराहा, साड़ी तिराहा और सनई चौराहे से होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के माध्यम से आमजन को हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन और ईयरफोन का इस्तेमाल न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक करते हुए निर्धारित संख्या से अधिक सवारी न बैठाने और 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न चलाने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात माह के दौरान जनपद में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक विश्वजीत सौरयान, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन चंद्र प्रताप सिंह, प्रभारी यातायात अजय कुमार सिंह यादव सहित यातायात पुलिस के जवान मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित