हनुमानगढ़ , अगस्त 03 -- राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की।
यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट एवं आवश्यक दस्तावेजों के बिना वाहन संचालित करने वालों पर कार्रवाई करते हुए कुल 12 वाहनों को जब्त किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले एक ऑटो चालक और एक भार ढोने वाले ऑटो चालक को पकड़कर उनके वाहन जब्त किए। इसके अलावा आठ मोटरसाइकिल चालकों को भी शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने इन सभी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त करके आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान ऐसे दुपहिया वाहन चालकों पर भी शिकंजा कसा जो यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे थे। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कुल आठ दुपहिया वाहनों को जब्त किया गया। वहीं बिना नंबर प्लेट और आवश्यक दस्तावेजों के सड़क पर संचालित हो रही चार मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत जब्त किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित