जयपुर , जून 29 -- राजस्थान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले, वाहनों पर अनधिकृत रूप से रसूख दिखाने वाले और वीआईपी कल्चर को बढ़ावा देने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस का विशेष प्रवर्तन अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी है और इसके तहत पिछले 25 दिनों में 1.92 लाख से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की गयी हैं।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) डॉ. बी एल मीणा ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा पुलिस महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में पूरे प्रदेश में यह व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है और गत चार से 28 जून तक चले इस 25 दिवसीय विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अब तक रिकॉर्ड एक लाख 92 हजार 513 वाहनों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है।
उन्होंने बताया कि इनमें सर्वाधिक 69 हजार 786 कार्रवाई वाहनों के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगाने वालों के विरुद्ध की गयी। इसके अतिरिक्त 48 हजार 271 मामलों में नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट एवं पंजीयन चिह्न, 26 हजार 930 मामलों में वाहनों पर अनधिकृत शब्द, चिह्न एवं लेखन, 21 हजार 333 मामलों में वाहनों की संरचना (बॉडी एवं चेसिस) में अवैध परिवर्तन, 15 हजार 863 मामलों में अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर तथा 10,330 मामलों में प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के विरुद्ध कार्रवाई की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित