फगवाड़ा , फरवरी 25 -- पंजाब के फगवाड़ा शहर में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक जाम और अवैध अतिक्रमण की समस्या से निपटने के लिए, पुलिस अधीक्षक माधवी शर्मा ने बुधवार को यहां के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में एक विशेष अभियान का नेतृत्व किया।

इस कार्रवाई के दौरान 20 चालान काटे गये और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चार प्राथमिकी दर्ज की गयीं।

सुश्री शर्मा ने सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमन कुमार दावेश्वर और अन्य पुलिस कर्मियों के साथ जेसीटी मिल के पास अंडरब्रिज और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान सार्वजनिक सड़कों से बाधाओं को हटाने और यातायात को सुचारू बनाने के लिए चलाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सड़कों पर अवैध रूप से रखे गये सामान को हटाया गया।

पुलिस अधीक्षक ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यातायात में बाधा डालने या यात्रियों को असुविधा होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मौके पर 20 चालान जारी किये और बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चार प्राथमिकी दर्ज की गयीं। इसके अतिरिक्त,आधा दर्जन दुकानदारों के खिलाफ धारा 285 के तहत मामले दर्ज किये गये। पुलिस के अनुसार, कुछ दुकानदारों ने सड़क पर लोहे का सामान रखा था, जबकि अन्य ने निर्धारित सीमा से बाहर सब्जियों की टोकरियां और अन्य सामान फैला रखा था।

सुश्री शर्मा ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा और नियमित निरीक्षण के साथ सख्त कदम उठाये जायेंगे। प्रशासन ने दोहराया है कि सार्वजनिक सुरक्षा और सुचारु यातायात के लिए सड़कों को बाधा मुक्त रखना अनिवार्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित