सिरसा , जून 20 -- हरियाणा के कालांवाली कस्बे में शनिवार को यातायात पुलिस की कार्रवाई के विरोध में नागरिकों, दुकानदारों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी पंजाब बस स्टैंड के निकट सड़क पर धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात प्रभावित रहा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि यातायात पुलिस बाजार में आने वाले लोगों के बेवजह चालान कर रही है, जिससे ग्राहकों की संख्या कम हो रही है और व्यापार प्रभावित हो रहा है। लोगों ने कहा कि कालांवाली और आसपास के गांवों के निवासियों, मजदूरों और किसानों के भी लगातार चालान किए जा रहे हैं। रेहड़ी संचालकों ने भी पुलिस पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया।
धरने में दुकानदारों, समाजसेवियों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों तथा कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सूचना मिलने पर डीएसपी ललित कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं।
प्रदर्शनकारियों ओम प्रकाश और लखवीर सिंह ने कहा कि यातायात पुलिस इन दिनों बड़े पैमाने पर चालान कर रही है, जिससे आम नागरिक परेशान हैं। उनका कहना था कि बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी चालान का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस अधिकारियों द्वारा नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने और लोगों की शिकायतों पर विचार करने का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
कालांवाली थाना प्रभारी देवीलाल ने बताया कि लोगों की नाराजगी चालानों को लेकर थी। बातचीत के बाद सहमति बन गई और धरना शांतिपूर्वक समाप्त हो गया। उन्होंने कहा कि आगे भी यातायात नियमों का पालन करवाते हुए नियमानुसार ही कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित