मुंबई , सितंबर 01 -- यश राज फिल्म्स (वाईआरएफ) ने हेमंत कुंदनानी को हेड ऑफ मार्केटिंग के पद पर पदोन्नत किया है। हेमंत कुंदनानी इससे पहले कंपनी में सीनियर जनरल मैनेजर- कम्युनिकेशंस की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अपनी नई भूमिका में वह सीधे वाईआरएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अक्षय विधानी को रिपोर्ट करेंगे।

नई और विस्तारित जिम्मेदारी के तहत हेमंत स्टूडियो के फिल्म और एंटरटेनमेंट कारोबार के लिए मार्केटिंग रणनीति का नेतृत्व करेंगे। वाईआरएफ भारत के साथ-साथ वैश्विक बाजारों में अपने कारोबार के विस्तार और विकास पर लगातार काम कर रहा है।

हेमंत मार्केटिंग और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के अनुभवी पेशेवर हैं। उन्हें डिजिटल रणनीति, कंटेंट मार्केटिंग और रणनीतिक गठजोड़ के क्षेत्र में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह पिछले करीब पांच वर्षों से वाईआरएफ से जुड़े हुए हैं और इस दौरान स्टूडियो तथा इसके विभिन्न व्यवसायों की संचार रणनीति को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।

वाईआरएफ के सीईओ अक्षय विधानी ने कहा कि कंपनी के साथ अपने कार्यकाल के दौरान हेमंत ने उल्लेखनीय विकास किया है और एंटरटेनमेंट बिजनेस, दर्शकों तथा बदलते मार्केटिंग परिदृश्य की मजबूत समझ का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि मार्केटिंग, डिजिटल, एनालिटिक्स, पार्टनरशिप और कम्युनिकेशंस में हेमंत का अनुभव उन्हें एंटरटेनमेंट ब्रांड बनाने का व्यापक नजरिया देता है।

श्री विधानी ने कहा कि वाईआरएफ अपने कारोबार को आगे बढ़ाते हुए हेमंत से मार्केटिंग पहलों में रणनीतिक, एकीकृत और दर्शक-केंद्रित दृष्टिकोण की उम्मीद करता है।

अपने करियर के दौरान हेमंत द वॉल्ट डिज्नी कंपनी के फॉक्स स्टार स्टूडियोज, डिज्नी इंटरएक्टिव और यूटीवी सहित विभिन्न व्यवसायों में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभा चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित