मुंबई , जुलाई 30 -- यश राज फिल्म्स (वाईआरएफ) और गूगल भारत के फिल्म निर्माण एवं रचनात्मक समुदाय के लिए 04 अगस्त को वाईआरएफ स्टूडियो में संयुक्त रूप से एआई फिल्ममेकिंग वर्कशॉप का आयोजन करेंगे। इस कार्यशाला में सिनेमा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की बढ़ती भूमिका और उसके रचनात्मक उपयोग पर चर्चा की जाएगी।

कार्यशाला के दौरान फिल्म, प्रोडक्शन और क्रिएटिव क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों को गूगल के एआई क्रिएटिव स्टूडियो 'फ्लो' का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिभागियों को यह समझाया जाएगा कि एआई टूल्स को मौजूदा प्रोडक्शन प्रक्रिया में एक सहयोगी उपकरण के रूप में किस प्रकार शामिल किया जा सकता है, ताकि रचनात्मक नियंत्रण पूरी तरह फिल्मकारों के हाथों में बना रहे।

यह आयोजन उन शुरुआती सत्रों में शामिल है, जिनमें गूगल की फ्लो टीम किसी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय स्टूडियो के प्रोडक्शन और क्रिएटिव नेतृत्व के साथ सीधे तौर पर जुड़ रही है। वाईआरएफ में आयोजित यह सत्र पूरे फिल्म उद्योग के रचनात्मक और प्रोडक्शन पेशेवरों के लिए तैयार किया गया है, जिसमें रचनात्मकता और क्रिएटिव कंट्रोल को केंद्र में रखा गया है।

यश राज फिल्म्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अक्षय विधानी ने कहा कि फिल्मकारों की हर पीढ़ी को नए उपकरण मिलते हैं और हर पीढ़ी को यह तय करना होता है कि उपकरण कहानी की सेवा करेगा या कहानी को नियंत्रित करने लगेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य फिल्मकारों और क्रिएटिव टीमों को एआई का सोच-समझकर उपयोग करने की समझ देना है, ताकि रचनात्मकता हमेशा इंसानी हाथों में बनी रहे।

गूगल में यूज़र एक्सपीरियंस रिसर्च, टेक्नोलॉजी एंड सोसाइटी की निदेशक डॉ. आरती सेतुमाधवन ने कहा कि भारत में गूगल फ्लो को लेकर उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय रचनाकार इस तकनीक का उपयोग कलात्मक अभिव्यक्ति और कहानी कहने की नई संभावनाओं को विकसित करने में करेंगे।

गूगल और वाईआरएफ को उम्मीद है कि यह कार्यशाला भारतीय फिल्म उद्योग के अग्रणी कहानीकारों के साथ दीर्घकालिक संवाद की शुरुआत साबित होगी। इस दौरान प्रतिभागियों को गूगल की एआई इंजीनियरिंग और प्रोडक्ट टीमों के साथ नेटवर्किंग का अवसर भी मिलेगा। साथ ही, इच्छुक फिल्मकारों के लिए विशेष डीप-डाइव मॉड्यूल भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनके माध्यम से वे फ्लो को अपनी कार्यप्रणाली में प्रभावी ढंग से शामिल कर सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित