मुंबई , सितंबर 28 -- यश चोपड़ा फाउंडेशन ने अपने छात्रवृत्ति कार्यक्रम का विस्तार करते हुए वर्ष 2026-27 के लिए 11 छात्रों का चयन किया है। खास बात यह है कि पहली बार रोबोटिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अन्य तकनीक आधारित पाठ्यक्रमों की पढ़ाई कर रहे छात्रों को भी इस कार्यक्रम में शामिल किया गया है।

यश राज फिल्म्स की परोपकारी पहल यश चोपड़ा फाउंडेशन के इस कार्यक्रम के तहत पंजीकृत हिंदी फिल्म उद्योग और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) के सदस्यों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। प्रत्येक छात्र को पांच लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।

इस वर्ष 300 से अधिक पंजीकृत आवेदकों में से योग्यता और जरूरत के आधार पर 11 छात्रों का चयन किया गया। चयनित छात्र कंप्यूटर विज्ञान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, वाणिज्य, पत्रकारिता और साइबर सुरक्षा समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों की पढ़ाई कर रहे हैं।

यश राज फिल्म्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अक्षय विधानी ने कहा कि हिंदी फिल्म उद्योग के हर स्तर पर काम करने वाले लोगों के योगदान से पूरा तंत्र बना है और छात्रवृत्ति कार्यक्रम उनके परिवारों की अगली पीढ़ी तक सहयोग पहुंचाने की एक कोशिश है। उन्होंने कहा कि उद्योग बदल रहा है और उसके साथ जुड़े परिवारों के लिए उपलब्ध अवसरों का भी विकसित होना जरूरी है।

फाउंडेशन के अनुसार, इस पहल के माध्यम से तकनीशियनों, लाइटमैन, स्पॉट बॉय और अन्य दैनिक वेतनभोगी कर्मियों सहित पर्दे के पीछे काम करने वाले फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों के बच्चों की शैक्षणिक आकांक्षाओं को सहयोग दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित