भरतपुर , अप्रैल 09 -- ताशकंद (उज़्बेकिस्तान) में होने वाली एशियाई सब जूनियर (अंडर 15) बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए 30 से 33 किलोग्राम भार वर्ग में भरतपुर के यश कुमार धनसौटी का चयन होने पर खेल प्रेमियों ने खुशी जाहिर की है।

के के बॉक्सिंग अकादमी के एनआईएस बॉक्सिंग कोच कृष्ण कुमार शर्मा एवं एनआईएस डिप्लोमाधारी राजस्थान पुलिस बॉक्सिंग कोच सहायक उपनिरीक्षक मनीषा चाहर के अधीन भरतपुर बॉक्सिंग संघ के मार्गदर्शन में अपना नियमित प्रशिक्षण लेने बाले यश कुमार का चयन बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के तत्वाधान में नेशनल इंस्टीट्यूट आफ स्पोर्ट्स पटियाला (पंजाब) में चार से नौ अप्रैल तक आयोजित चयन ट्रायल में किया गया।

यश कुमार आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट पुणे महाराष्ट्र में बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं भारतीय खेल प्राधिकरण के तत्वाधान में आयोजित नेशनल कैंप के पश्चात एशियाई चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित