नयी दिल्ली , अगस्त 31 -- दिल्ली के यशोभूमि में मंगलवार से तीन दिवसीय 'भारत इलेक्ट्रिसिटी, पावरजेन इंडिया एवं इंडियन यूटिलिटी वीक 2026' का आयोजन किया जायेगा जिसमें बिजली क्षेत्र के दिग्गज मंथन करेंगे।
द एनर्जी एंड क्लाइमेट इनिसिएटिव सोसायटी (ईएनसीआईएस) ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि 01-03 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में 40 देशों के सरकारी और कॉर्पोरेट प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। कुल 15,000 से अधिक पेशेवरों, 250 से अधिक प्रदर्शकों और 200 से ज्यादा नीति-निर्माताओं, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, नियामकों एवं विशेषज्ञों के शामिल होने की उम्मीद है। यह आयोजन बिजली के संपूर्ण मूल्य-श्रृंखला को समाहित करेगा।
इस संस्करण में केंद्रीय बिजली मंत्रालय, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारी उद्योग मंत्रालय, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, कोयला मंत्रालय और एमएसएमई मंत्रालय के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की भागीदारी भी अपेक्षित है।
इनके साथ नीति आयोग, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण, इनवेस्ट इंडिया और अन्य प्रमुख राष्ट्रीय संस्थान भी शामिल होंगे। दिल्ली मेजबान राज्य के रूप में भाग लेगा, जबकि गुजरात, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल निवेश, विद्युत उत्पादन में वृद्धि, ग्रिड आधुनिकीकरण, बिजली वितरण कंपनियों में बदलाव और स्वच्छ ऊर्जा विनिर्माण पर केंद्रित विशेष नेतृत्व सत्रों के माध्यम से अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित