सोनीपत , अगस्त 29 -- हरियाणा में सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र में शनिवार को यमुना नदी में नहाने गए दो सगे भाई पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव सनपेड़ा निवासी सत्यम (15) और शिवम (17) आज सुबह यमुना घाट पर नहाने गए थे। उनके साथ गांव का एक अन्य किशोर प्रिंस भी मौजूद था। नहाते समय अचानक दोनों भाई तेज बहाव की चपेट में आ गए और गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते दोनों नदी में डूब गए।
घटना के बाद उनके साथ मौजूद प्रिंस ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रशासन को सूचित किया गया। प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और दोनों किशोरों की तलाश शुरू कर दी। नदी के आसपास के हिस्सों में भी खोज अभियान चलाया जा रहा है।
दोनों भाइयों के यमुना में डूबने की खबर फैलते ही गांव सनपेड़ा में चिंता का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहीं, दोनों किशोरों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार और ग्रामीण उनके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। नदी में तेज बहाव के चलते तलाश अभियान के दौरान सावधानी बरती जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित