प्रयागराज , जून 11 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के नैनी क्षेत्र स्थित अरेल घाट पर बुधवार शाम यमुना नदी में स्नान करने गए तीन दोस्तों में से एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के दौरान उसके दो साथी उसे डूबता देख मौके से भाग निकले।

पुलिस ने बताया कि नैनी के पाठक मार्केट निवासी आशुतोष पाल (14) बुधवार को अपने दो दोस्तों के साथ अरेल घाट स्नान करने गया था। तीनों यमुना नदी में एक साथ नहा रहे थे। इसी दौरान आशुतोष का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। बताया गया है कि डूबते समय आशुतोष ने अपने साथियों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन दोनों साथी उसकी सहायता करने के बजाय वहां से चले गए। देखते ही देखते आशुतोष नदी की गहराई में समा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय मल्लाहों और गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद देर रात किशोर का शव नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मृतक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को घटना की सूचना दी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक नैनी थाना क्षेत्र का निवासी था और देर शाम अपने दोस्तों के साथ स्नान करने अरेल घाट आया था। प्रारंभिक जांच में गहरे पानी में चले जाने के कारण डूबने से मौत होने की बात सामने आई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित