मथुरा , मई 20 -- यमुना एक्सप्रेस-वे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों, विशेषकर डबल डेकर बस दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए परिवहन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। आगरा मंडलायुक्त के निर्देश पर अवैध और नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के खिलाफ 10 दिवसीय सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत मथुरा क्षेत्र के मांट टोल प्लाजा पर संयुक्त टीम तैनात की गई है। इस टीम में मथुरा के वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) राजेश राजपूत, आगरा राज्यकर विभाग के सहायक आयुक्त भीम, मांट थाने के उप निरीक्षक भुवनेश कुमार दीक्षित और मांट टोल प्लाजा के प्रबंधक देवेंद्र सिंह शामिल हैं।

एआरटीओ राजेश राजपूत ने बताया कि 15 मई से 20 मई तक चले अभियान में अब तक कुल 47 वाहनों के खिलाफ चालान और निरुद्ध (सीज) की कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मानकों का उल्लंघन करने वाली 12 बसों का चालान किया गया, जबकि तीन बसों को विभिन्न थानों में निरुद्ध कर दिया गया। इन बसों के पंजीकरण निलंबन के लिए धारा-53 के तहत वाहन स्वामियों को नोटिस भी जारी किए गए हैं।

संयुक्त टीम मांट टोल प्लाजा से गुजरने वाली डबल डेकर बसों की कई बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है। इसमें लाइसेंस, फिटनेस प्रमाण पत्र, प्रदूषण प्रमाण पत्र, परमिट और रजिस्ट्रेशन की वैधता की जांच शामिल है। इसके अलावा ओवरलोडिंग, आपातकालीन द्वार की स्थिति, रिफ्लेक्टर टेप, फ्लोरोसेंट लाइट, अग्निशमन यंत्र तथा बसों में ज्वलनशील पदार्थों के परिवहन पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। प्रेशर हॉर्न के उपयोग की भी सख्ती से जांच की जा रही है।

एआरटीओ राजेश राजपूत ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग, पुलिस और राज्य कर विभाग की संयुक्त टीम मांट टोल प्लाजा पर चौबीसों घंटे तैनात है और नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही यात्रा से पहले वाहन के क्लच, स्टीयरिंग और ब्रेक सिस्टम की जांच अवश्य कर लें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित