ग्रेटर नोएडा , जून 04 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को जीरो प्वाइंट से लगभग 4 किलोमीटर पहले आगरा की ओर जा रही एक जगुआर कार में आग लग गई।

पुलिस ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि,घटना इकोटेक प्रथम थाना क्षेत्र की है, जहां कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को सूचना प्राप्त हुई, जिसके तत्पश्चात इकोटेक-प्रथम थाना पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कार में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। पुलिस द्वारा आसपास के यातायात को भी नियंत्रित किया गया, जिससे किसी अन्य दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

कार में सवार लोगों ने बताया कि वे गुरुग्राम से मथुरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चलते समय वाहन में अचानक स्पार्किंग हुई, जिसके बाद धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते कार में आग लग गई। स्थिति को भांपते हुए कार सवार सभी लोग समय रहते वाहन से बाहर निकल आए।

फायर विभाग की तत्परता के चलते आग को फैलने से रोक लिया गया, हालांकि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण वाहन में हुई तकनीकी खराबी और स्पार्किंग माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित