यमुनानगर , सितंबर 10 -- हरियाणा में यमुनानगर की वीर नगर कॉलोनी में मंदिर जा रहीमहिला से मास्क पहने युवक ने सोने की चेन छीन ली। वारदात के दौरान महिला ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का मास्क खींच दिया, जिससे उसका चेहरा दिख गया। आरोपी अपने बाइक सवार साथी के साथ फरार हो गया।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

वीर नगर निवासी नीलम ने बताया कि वह बुधवार शाम करीब पांच बजे पड़ोसन शिवानी शर्मा के साथ घर के पास स्थित शिव मंदिर जा रही थीं। रास्ते में पीछे से आये एक युवक ने उन्हें 'आंटी' कहकर आवाज लगाई। पीछे मुड़ते ही युवक ने उनके गले पर झपटा मारकर सोने की चेन छीन ली।

नीलम ने बताया कि उन्होंने आरोपी का मास्क खींच लिया, जिससे उसका चेहरा साफ दिख गया और वह सामने आने पर उसे पहचान सकती हैं। वारदात के बाद आरोपी कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया। छीनी गयी चेन करीब 2 से 2.5 तोले की बतायी जा रही है।

सेक्टर-17 थाना प्रभारी राजिंद्र सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित