यमुनानगर , सितंबर 21 -- हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की कुरुक्षेत्र यूनिट ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुनानगर के गांव रसूलपुर में एक युवक को 1320 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मात्रा एनडीपीएस एक्ट के तहत व्यावसायिक मात्रा की श्रेणी में आती है।
यूनिट इंचार्ज इंस्पेक्टर मांगे राम ने बताया कि टीम नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ थाना सढौरा क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान गांव रसूलपुर में नशा तस्करी की खुफिया सूचना मिली। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम ने संदीप कुमार उर्फ संजू पुत्र गुलजार सिंह निवासी रसूलपुर को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1320 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने मौके से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार भी जब्त की है।
इस संबंध में थाना सढौरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर कैप्सूल की खरीद और आपूर्ति के स्रोत का पता लगा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
इंस्पेक्टर मांगे राम ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलती है तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1933 या 90508-91508 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित