यमुनानगर , अक्टूबर 31 -- हरियाणा के यमुनानगर शहर में विकास कार्यों को गति देते हुए नगर निगम की ओर से लगभग एक करोड़ 99 लाख 36 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे।

महापौर सुमन बहमनी और विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने इन विकास कार्यों का शनिवार को शिलान्यास कर निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया। इन कार्यों के पूर्ण होने से अनेक कॉलोनियों और गांवों में रहने वाले लोगों को बेहतर सड़क, जल निकासी और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

महापौर सुमन बहमनी ने बताया कि वार्ड संख्या 12 के गांव शादीपुर में एक करोड़ 52 लाख 54 हजार रुपये की लागत से नालों, जोहड़ और गलियों का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या 22 के वसंत विहार में 15 लाख 64 हजार रुपये, संजय विहार कॉलोनी में 14 लाख 43 हजार रुपये तथा कलकत्ता नर्सरी, मोती बाग कॉलोनी में 16 लाख 75 हजार रुपये की लागत से गलियों का निर्माण और स्टॉर्म वाटर लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा।

महापौर सुमन बहमनी ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास करवाना उनकी प्राथमिकता है। लोगों को बेहतर सड़कें, सुचारु जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नगर निगम निरन्तर प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि नागरिकों को इनका शीघ्र लाभ मिल सके।

विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों के विकास और आमजन को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। नगर में सड़क, सीवरेज, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरन्तर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। जनता की समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र को विकास की नई दिशा देना सरकार की प्राथमिकता है।

अवसर पर पार्षद तिलक राज, पार्षद रुचि शर्मा, सहायक अभियंता मृणाल जायसवाल, जेई मनीष धीमान, विशाल राणा, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता दिनेश गाबा, एसडीओ रोहित सरोगी, अंकित कपिल, भाजपा मंडल अध्यक्ष शुभम राणा, मंडल अध्यक्ष मनोज धीमान, रवि, मोहित राणा, विकास, राम नाथ तोमर, अमित चौहान, वीरेश कंबोज, मिंटू कंबोज, सुलेख चंद, हर्षित कंबोज, सुनील शर्मा, सुभाष शर्मा आदि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित