सना , सितंबर 05 -- यमन के पश्चिमी ताइज एवं होदेइदा प्रांतों में सरकार समर्थित बलों और हूती समूह के बीच शनिवार को लगातार तीसरे दिन भीषण संघर्ष जारी रहा तथा हूतियों के बैलिस्टिक मिसाइल हमले में चार लोगों की मौत हो गयी। हमले में 10 अन्य घायल हो गये। वर्ष 2022 में हुए संघर्षविराम के बाद यह देश में सबसे भीषण लड़ाई है।

स्थानीय मीडिया ने सैन्य अधिकारियों के हवाले से बताया कि हूतियों ने दक्षिणी ताइज में हिज्जत अल-अब्द मार्ग पर उस समय बैलिस्टिक मिसाइल दागी, जब यात्री वाहन वहां से गुजर रहे थे। हमले में एक बस नष्ट हो गई और मार्ग को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा।

हिज्जत अल-अब्द एक महत्वपूर्ण पहाड़ी मार्ग है, जो ताइज को पड़ोसी लहज प्रांत और दक्षिण में सरकार के नियंत्रण वाले क्षेत्रों से जोड़ता है।

सैन्य अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को ताइज और होदेइदा के कई मोर्चों पर संघर्ष और तेज हो गया तथा दोनों पक्षों ने नए सैनिकों और सैन्य वाहनों को युद्धक्षेत्र में भेजा।

यमनी सैन्य अधिकारियों ने बताया कि सरकारी लड़ाकू विमानों ने शुक्रवार को ताइज और होदेइदा के पश्चिमी इलाकों में हूती ठिकानों, जमावड़ों और वाहनों को निशाना बनाकर कम से कम 15 हवाई हमले किये।

यह हवाई अभियान ऐसे समय हुआ जब हूती बलों ने लाल सागर तट और रणनीतिक बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य की ओर बड़ा हमला शुरू किया। यह जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है।

ताजा हवाई हमले हूतियों के खिलाफ सरकार द्वारा अपनी वायु शक्ति के इस्तेमाल में महत्वपूर्ण विस्तार को दर्शाते हैं। यमन युद्ध के सबसे भीषण वर्षों के दौरान हूती विरोधी बलों को हवाई सहायता मुख्य रूप से सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के विमानों से मिलती थी।

उल्लेखनीय है कि यमन में सरकार समर्थित बलों और हूती विद्रोहियों के बीच शनिवार को हुई लड़ाई में नागरिकों समेत 60 से अधिक लोगों की मौत हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित