सना , सितंबर 15 -- यमन के मध्य भाग में मारिब प्रांत में हूती समूह के हथियार डिपो को निशाना बनाकर हवाई हमले किये गये।
यमनी मीडिया के अनुसार मंगलवार को अल-जुबाह जिले में हूती के हथियार डिपो पर ये हमले किये गये। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने या नुकसान की जानकारी नहीं दी गयी।
सरकार समर्थक वेस्ट कोस्ट समाचार मंच ने बताया कि मारिब के हरीब जिले में यमनी सरकारी बलों ने हूती लड़ाकों की घुसपैठ की कोशिश भी नाकाम कर दी।
एक अन्य घटना में ताइज सैन्य कमान के मीडिया विभाग ने बताया कि लड़ाकू विमानों ने ताइज हवाई अड्डे पर हूती की बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपण व्यवस्था को निशाना बनाया।
स्थानीय सूत्रों ने ताइज के पूर्व में खादिर में स्थानीय परिषद भवन में हूती नेताओं की बैठक को निशाना बनाकर हवाई हमले किये जाने की भी जानकारी दी।
ये हमले हूती और सरकार समर्थक बलों के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच हुए हैं। हाल के सप्ताहों में ताइज प्रांत में हूती ठिकानों, सैन्य सुदृढीकरण और मिसाइल प्रक्षेपण स्थलों को भी हवाई हमलों में निशाना बनाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित