अदन , सितंबर 12 -- यमनी वायुसेना ने शुक्रवार को मोखा और धुबाब क्षेत्र में हूती ठिकानों पर हवाई हमले किये। देश के सशस्त्र बलों ने यह जानकारी दी है।

यमनी सशस्त्र बलों के आधिकारिक प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल माजिद अब्दुल्ला अल-नुजैली ने अमेरिकी सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि हमलों में मोखा बंदरगाह के पास तथा मोखा शहर के जैद अल-खर्ज मॉल के निकट वाहनों और हथियारों को नष्ट कर दिया गया तथा कईं हूती लड़ाके मारे गये हैं।

उन्होंने कहा कि मोखा में जल परियोजना प्रशासन के पास भी कई लड़ाके मारे गये। इसके अलावा मोखा शहर से 11 किलोमीटर (सात मील) दूर मोखा-धुबाब मार्ग पर स्थित पशु संगरोध केंद्र में वाहनों और लड़ाकों के समूह को निशाना बनाया गया।

अल-नुजैली ने बताया कि मोखा में उत्तरी रिंग रोड पर एक सैन्य कमांडर के पूर्व मुख्यालय में मौजूद हूती लड़ाकों के समूह को भी नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में तत्काल कोई अन्य जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है।

यमन में वर्ष 2022 से अपेक्षाकृत शांति बनी हुई थी। इससे पहले करीब 12 वर्षों तक सरकार समर्थक बलों और सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन तथा ईरान समर्थित हूतियों के बीच युद्ध चलता रहा था। हूतियों ने 2014 में राजधानी सना और देश के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित