देहरादून , सितंबर 26 -- मौसम विज्ञान विभाग द्वारा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में जारी रेड अलर्ट के बाद शनिवार सुबह उत्तरकाशी जनपद अन्तर्गत स्थित श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम की सुरक्षा के दृष्टिकोण से यात्रा जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर स्थगित कर दी गई।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी रेड अलर्ट के मद्देनजर जनपद अंतर्गत हीना एवं दोबाटा होल्डिंग पॉइंट्स पर श्री गंगोत्री धाम एवं श्री यमुनोत्री धाम की यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र , स्मार्ट कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
जनपद के अंतर्गत सभी तहसीलों से वर्षा एवं भूस्खलन संबंधी सूचनाएं लगातार प्राप्त की जा रही हैं तथा स्थिति की सतत निगरानी की जा रही है। साथ ही, लाइव सीसीटीवी के माध्यम से दोनों धाम की लगातार निगरानी की जा रही है। इसके अलावा, सभी राष्ट्रीय राजमार्ग, बीआरओ, लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को अपनी-अपनी मशीनरी एवं मैनपावर तैयार रखने तथा मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में त्वरित रूप से मार्ग खुलवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित