नयी दिल्ली , सितंबर 30 -- मौसम विभाग ने बुधवार को जारी अपने ताजे अनुमान में कहा है कि पूरे देश के लिए अक्टूबर 2026 में मासिक वर्षा सामान्य से कम और दीर्घावधि वर्षा औसत से 85 प्रतिशत से कम रहने का अनुमान है। अक्टूबर महीने के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ क्षेत्रों, प्रायद्वीपीय भारत के दक्षिणी हिस्सों और पूर्वी भारत के अलग-अलग इलाकों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है, जबकि देश के बाकी राज्यों में सामान्य से कम वर्षा होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग की यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार अक्टूबर से दिसंबर के दौरान दक्षिणी इलाकों तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश व यनम, रायलसीमा, केरल व माहे तथा दक्षिणी कर्नाटक में मौसमी वर्षा सामान्य (दीर्घकालिक औसत का 88 से 112 प्रतिशत) रहने की सर्वाधिक संभावना है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों और प्रायद्वीपीय भारत के दक्षिणी इलाकों को छोड़कर, देश के अधिकांश हिस्सों में इस दौरान सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम संबंधी वैश्विक स्थितियों का उल्लेख करते हुए विभाग ने बताया कि भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में इस समय मजबूत 'एल नीनो' परिस्थितियां बनी हुई हैं। इसके इस साल के अंत तक और अधिक मजबूत होने की संभावना है। दूसरी ओर, हिंद महासागर में वर्तमान में 'न्यूट्रल इंडियन ओशन डिपोल' की स्थिति बनी हुई है, जो उत्तर-पूर्वी मानसून के दौरान भी स्थिर बनी रहेगी। विभाग अक्टूबर के अंत में नवंबर 2026 के लिए नया अनुमान जारी करेगा।
मौसम विभाग ने कहा कि जून से सितंबर 2026 के दौरान पूरे देश में कुल मिलाकर ग्रीष्मकालीन मानसून वर्षा अपने दीर्घकालिक औसत की 87 प्रतिशत दर्ज की गई। इस वर्ष देश भर में कुल 759.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो वर्ष 2001 के बाद से चौथी सबसे कम और 1901 के बाद से 13वीं सबसे कम मानसूनी बारिश है।
क्षेत्रवार वितरण की बात करें तो उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत, दक्षिण प्रायद्वीप और पूर्वोत्तर भारत में मौसमी वर्षा उनके संबंधित दीर्घकालिक औसत का क्रमशः 94.1 प्रतिशत, 97 प्रतिशत, 76 प्रतिशत और 74 प्रतिशत रही। पूर्व एवं पूर्वोत्तर भारत में 1017.1 मिमी बारिश हुई जो 1901 के बाद से सबसे कम है, जबकि दक्षिण प्रायद्वीप में 542.0 मिमी बारिश दर्ज की गई जो 1901 के बाद से चौथी सबसे कम और 2001 के बाद से दूसरी सबसे कम वर्षा है। हालांकि, मध्य भारत में बारिश सामान्य श्रेणी में दर्ज की गई। इसके अलावा देश के वर्षा-आधारित कृषि क्षेत्रों वाले 'मानसून कोर जोन' में 779.9 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य श्रेणी की निचली सीमा (782.8 से 881.2 मिमी) से कम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित