विदिशा , सितंबर 12 -- मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में मौसम में बदलाव के चलते वायरल बुखार और सर्दी-जुकाम का प्रकोप बढ़ गया है।
सूत्रों के अनुसार शनिवार को बारिश के बावजूद जिला अस्पताल की ओपीडी में करीब 900 मरीज पहुंचे। इनमें लगभग 60 प्रतिशत मरीज सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित बताए गए। बुखार के मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते रोजाना करीब 80 मरीजों को भर्ती कर उपचार देना पड़ रहा है। पिछले सोमवार को ओपीडी में मरीजों की संख्या 1400 तक पहुंच गई थी।
जिला अस्पताल के पुरुष और महिला मेडिकल वार्ड में 32-32 बेड हैं। गत दिवस दोपहर पुरुष वार्ड में 46 और महिला वार्ड में 42 मरीज भर्ती थे। अस्पताल के महिला वार्ड में ड्यूटी पर मौजूद नर्स के अनुसार रात के समय कई बार एक बेड पर दो या तीन मरीजों का भी इलाज करना पड़ा रहा है।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनूप वर्मा ने बताया कि बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ अस्पताल में पेरासिटामोल दवा की खपत भी बढ़ गई है। अस्पताल में पहले हर महीने औसतन करीब 10 हजार पेरासिटामोल टैबलेट की खपत होती थी, लेकिन मरीजों की बढ़ी संख्या के बीच यह खपत लगभग दोगुनी होकर 20 हजार टैबलेट तक पहुंच रही है।
उन्होंने बताया कि इन दिनों अस्पताल में मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है। भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दो गुना है। ग्राउंड फ्लोर पर आपातकालीन वार्ड में अतिरिक्त बेड उपलब्ध कराए गए हैं। मरीजों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। अस्पताल में बेड की कमी के बावजूद दवा सहित इलाज की अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित