मोतिहारी , सितंबर 23 -- मौसम विभाग की ओर से 25 सितंबर को मौसम खराब रहने की संभावना जताए जाने के बाद भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के प्रस्तावित एयर शो की तारीख में बदलाव किया गया है। अब भव्य हवाई प्रदर्शन 24 सितंबर को सुबह 9:30 बजे से मोतिहारी में आयोजित किया जाएगा।

आयोजन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों की संभावना को देखते हुए एयर शो को एक दिन पहले कराने का निर्णय लिया गया है। सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम अपने नौ हॉक विमानों के साथ आसमान में रोमांचक हवाई करतब, सटीक फॉर्मेशन और अनुशासित उड़ान का प्रदर्शन करेगी।

हालांकि, यदि 25 सितंबर को मौसम अनुकूल रहता है, तो उस दिन भी भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम का एयर शो आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में अंतिम निर्णय मौसम की स्थिति को देखते हुए लिया जाएगा।

सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के प्रदर्शन में लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और डीएनए मैन्युवर जैसे जटिल हवाई करतब प्रमुख आकर्षण होंगे। नौ हॉक एमके-132 विमानों की एक साथ सटीक फॉर्मेशन में उड़ान और आसमान में तिरंगे के रंगों की धुआं-धाराएं दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी।

आयोजकों ने लोगों से निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने और मौसम संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित