लखनऊ , मार्च 18 -- योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के नौ वर्ष पूरा होने के मौके पर राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्यों और प्रदेशवासियों को बधाई दी है और कहा है कि यह दिन प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है और सरकार ने बीते वर्षों में विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
श्री केशव मौर्य ने लोकभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए बुधवार को ये बातें कहीं । उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में समाजवादी पार्टी सरकार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू की गई थी, क्योंकि उस समय प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं का दबदबा था। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में प्रदेश की स्थिति खराब हो गई थी।
उन्होंने कहा कि 2017 में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी और 2027 के चुनाव में इससे भी बड़ी जीत हासिल की जाएगी। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता के लिए लोग "गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं" और अब उन्हें दलितों व पिछड़ों की याद आ रही है।
श्री मौर्य ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार ने केंद्र की योजनाओं में सहयोग नहीं किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को वर्तमान सरकार पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष अवास्तविक सपने देख रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों वर्गों के लोगों को लाभ मिला है और हजारों लोगों की मदद की गई है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में भर्तियों में भ्रष्टाचार समाप्त हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित