बठिंडा , सितंबर 08 -- पंजाब महिला आयोग की ओर से महिलाओं के स्वास्थ्य, सशक्तिकरण और सामाजिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को मौड़ में 'शी रन-2026' महिला मैराथन का आयोजन किया जाएगा।

आयोग की अध्यक्ष राज लाली गिल ने मंगलवार को कहा कि राज्य में पहली बार विशेष रूप से महिलाओं के लिए आयोजित की जा रही इस मैराथन के माध्यम से महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें सशक्त बनाने का संदेश दिया जाएगा।

इस अवसर पर पंजाब मीडियम इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड के अध्यक्ष नील गर्ग भी मौजूद थे।उन्होंने बताया कि करीब 2.5 किलोमीटर लंबी मैराथन मौड़ की अनाज मंडी में आयोजित होगी, जिसमें सभी आयु वर्ग की महिलाएं भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के समर्थन में पुरुष भी पिता, भाई और पति के रूप में मैराथन का हिस्सा बन सकेंगे।

महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि यह आयोजन महिलाओं के उत्थान और उन्हें समाज में समान अधिकार एवं सम्मान दिलाने के लिए पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि 'शी रन-2026' को भविष्य में पंजाब के सभी जिलों में आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को एक मंच पर लाकर उन्हें सशक्त बनाने और आपसी सहभागिता बढ़ाने का अवसर मिल सके।

श्री गिल ने समाज के सभी वर्गों से इस आयोजन में भाग लेने और महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रयासों में सहयोग देने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित