भोपाल , मई 27 -- मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान शासन व्यवस्था की तुलना ब्रिटिश हुकूमत से की जा सकती है।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में श्री सिंह ने कहा कि आज यदि कोई सरकार के खिलाफ बोलता है तो उसके साथ भी वैसा ही व्यवहार किया जाता है जैसा स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अंग्रेजों के विरोध करने वालों के साथ होता था।

उन्होंने पंडित नेहरू के जीवन और संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके रहन सहन को लेकर फैलाई जा रही कई बातें असत्य हैं। उन्होंने कहा कि विदेश में शिक्षा प्राप्त करने और संपन्न परिवार से होने के बावजूद नेहरू ने सुख सुविधाएं छोड़कर महात्मा गांधी के साथ स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया और जेल यात्राएं कीं।

श्री सिंह ने कहा कि नेहरू की विचारधारा आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने 'डिस्कवरी ऑफ इंडिया' का उल्लेख करते हुए कहा कि नेहरू सांप्रदायिकता को समाज में द्वेष और नफरत फैलाने वाला मानते थे।

उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक सांप्रदायिकता की तुलना में बहुसंख्यक सांप्रदायिकता अधिक खतरनाक होती है और वर्तमान समय में यह देश के सामने बड़ी चुनौती है। कार्यक्रम में कांग्रेस विचार विभाग के अध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना और वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित