नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का मानना है कि मौजूदा समय में भारतीय टीम टी-20 में दुनिया की सबसे खतरनाक टीम है और शनिवार से शुरु हो रहे टी-20 विश्वकप 2026 में वह सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरेगी।
धोनी ने एक कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा, "एक अच्छी टीम के लिए जो कुछ भी चाहिए, सब कुछ इसमें मौजूद है। विशेष रूप से इस प्रारूप में इनके पास अनुभव की कोई कमी नहीं है। उन्होंने दबाव में खेला है। टीम में जो भी खिलाड़ी जिस भी भूमिका में है, वह उस भूमिका को काफी समय से निभाता आ रहा है।"धोनी के इस भरोसे की आंकड़े भी गवाही देते हैं। पूर्व चैंपियन भारतीय टीम ने अक्तूबर 2023 से अब तक खेले गए टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 51 बार जीत का स्वाद चखा है, जबकि आठ मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। टीम की ताकक उसकी विस्फोटक बल्लेबाजी है, जहां बड़े-बड़े सिक्सर जड़ने वाले खिलाड़ी मौजूद हैं। गेंदबाजी में भी भारत का पलड़ा भारी है। भारत के पास जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती जैसे दो सबसे अच्छे गेंदबाज मौजूद हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित