चंडीगढ़/एसएएस नगर , अगस्त 10 -- पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ बलबीरसिंह ने सोमवार को राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस के अवसर पर मोहाली के फेज-11 स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस से राज्य स्तरीय कृमिनाशक अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अभियान के तहत एक से 19 वर्ष तक की आयु के बच्चों को आंतों में होने वाले कृमि संक्रमण से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल की गोलियां दी जाएंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वयं स्कूली बच्चों को गोलियां खिलाकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।
डॉ. सिंह ने बताया कि पंजाब में लगभग 71 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोलियां देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जो बच्चे किसी कारणवश सोमवार को दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 17 अगस्त को मॉप-अप दिवस के दौरान दवा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों में आंतों के कृमि संक्रमण की समस्या आम है और उनके स्वस्थ विकास के लिए इसे समाप्त करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमित कृमिनाशक अभियान बच्चों को कृमि संक्रमण के दुष्प्रभावों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस केवल बच्चों को एक गोली देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और बेहतर भविष्य में निवेश का अभियान है। कृमिनाशक दवा बच्चों को स्वस्थ रखने, उनके पोषण स्तर में सुधार, शारीरिक विकास और स्कूल तथा दैनिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी में मदद करती है।
उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से अभियान को सफल बनाने के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए अभियान में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने और 'रंगला पंजाब' के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य विभाग की निदेशक परिवार कल्याण डॉ. अदिति सलारिया ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार एल्बेंडाजोल की गोली चबाकर खानी चाहिए, चाहे उसमें आंतों के कृमि संक्रमण के लक्षण हों या नहीं। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है, जबकि निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार दवा का सेवन सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण से बच्चों में एनीमिया, थकान और कुपोषण की समस्या हो सकती है, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने बच्चों को राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन ने बताया कि जिलेभर में स्वास्थ्य विभाग की टीमें निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को एल्बेंडाजोल की नि:शुल्क खुराक दे रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से सहयोग करने और अपने बच्चों को इस अभियान का लाभ दिलाने की अपील की। मोहाली के मेयर सरदार सरबजीत सिंह समाना और जिला योजना समिति की चेयरपर्सन इंजीनियर प्रभजोत कौर ने भी समारोह को संबोधित किया और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए सभी लोगों से अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने आंतों के कृमि संक्रमण से बचाव और कृमिनाशक दवा के महत्व पर जागरूकता फैलाने वाला नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस अवसर पर समारोह में मौजूद अतिथियों, बच्चों और अन्य प्रतिभागियों को कृमि संक्रमण से मुक्ति और इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलायी गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित