चंडीगढ़/मोहाली , मार्च 02 -- पंजाब के मोहाली में स्पेशल कैडर अध्यापक फ्रंट ने नियमितीकरण की मांग को लेकर सोमवार को विद्या भवन के बाहर विशाल धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी अध्यापकों का आरोप है कि प्रशासन लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी कर रहा है और उन्हें नियमित करने के संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में शिक्षक एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
धरने के बाद अध्यापकों ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आवास की ओर कूच करने का एलान किया। प्रदर्शनकारी जैसे ही चंडीगढ़ की ओर बढ़ने लगे, मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर पहले से तैनात चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। इस दौरान शिक्षकों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। पानी की बौछारों के बावजूद शिक्षक अपनी मांगों पर अड़े रहे और नियमितीकरण की मांग दोहराते रहे। मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाये रखने की बात कही है। फिलहाल बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित