डेराबस्सी , फरवरी 16 -- पंजाब के मोहाली ज़िले के डेराबस्सी में सड़कों की स्थिति सुधारने और विकास कार्यों को तेज़ करने के उद्देश्य से सोमवार को विधायक कुलजीत सिंह रंधावा की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एस डी एम डेराबस्सी सहित पीडब्ल्यूडी मंडी बोर्ड माइनिंग एवं ड्रेनेज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान खराब सड़कों की विस्तृत समीक्षा कर प्राथमिकता सूची तैयार की गई तथा लोगों को आ रही समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

विधायक ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चल रहे और स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बजट और फंडिंग की स्थिति की भी समीक्षा की गई तथा जहां भी बाधाएं हैं, उन्हें तुरंत दूर करने को कहा गया। विधायक ने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए निगरानी तंत्र को मजबूत करने और ठेकेदारों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बरसात के दौरान जलभराव से सड़कों को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए ड्रेनेज सिस्टम के साथ प्रभावी समन्वय बनाने पर बल दिया गया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर में प्राथमिकता वाली सड़कों के सभी कार्य 31 मार्च तक हर हाल में पूरे किए जाएं ताकि डेराबस्सी के निवासियों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित