मोहाली , अगस्त 02 -- पंजाब के मोहाली के खरड़ क्षेत्र के गांव स्यालबा में शनिवार रात एक रिटायर्ड फौजी ने पूर्व सरपंच पर गोली चला दी। फायरिंग में पूर्व सरपंच रजमीर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पेट और हाथ में गोली लगी है। उन्हें तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मनिंदरपाल सिंह वर्तमान में चंडीगढ़ में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है। शनिवार रात छुट्टी लेकर गांव पहुंचने के बाद बाजार स्थित रजमीर की जूतों की दुकान पर किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद आरोपी अपनी लाइसेंसी 12 बोर राइफल लेकर वापस बाजार पहुंचा और रजमीर पर फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने तीन राउंड फायर किए।

गोली लगते ही रजमीर जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत पीजीआई पहुंचाया। वारदात के बाद आरोपी अपने घर में जाकर छिप गया और अंदर से गेट बंद कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसकी लाइसेंसी बंदूक भी कब्जे में ले ली है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर शराब के नशे में था। मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित