मोहाली , जुलाई 12 -- पंजाब के मोहाली में सरकार की "युद्ध नशों के विरुद्ध" मुहिम के तहत बलौंगी थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीनियर पुलिस कप्तान (एसएएस नगर) हरमनदीप सिंह हांस और एसपी (देहात) मनप्रीत सिंह के दिशा-निर्देशों तथा पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) खरड़-1 इंसान सिंगला के मार्गदर्शन में निरीक्षक पेरीविंकल ग्रेवाल की निगरानी में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार उप निश्रीक्षक सुलक्खण सिंह अपनी टीम के साथ बड़माजरा क्षेत्र में गश्त और जांच कर रहे थे। इस दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके हाथ में पकड़े लिफाफे से चिट्टा बरामद हुआ।

आरोपी की पहचान अनिल पुत्र मुन्ना चौहान निवासी शिव कॉलोनी, बड़माजरा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना बलौंगी में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 61 और 85 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस को मामले में और अहम खुलासों तथा नशीले पदार्थ की अतिरिक्त बरामदगी की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित