चंडीगढ़ , जुलाई 07 -- पंजाब सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक, सुरक्षित और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए एसएएस नगर (मोहाली) में अत्याधुनिक सरकारी वृद्धाश्रम (सीनियर सिटीज़न्स होम) स्थापित करने का फैसला किया है। इस परियोजना के लिए ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमएडीए) ने सेक्टर-78 में 2.92 एकड़ भूमि आवंटित कर दी है।

सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ बलजीत कौर ने मंगलवार को बताया कि यह पहल मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के उस संकल्प का हिस्सा है, जिसके तहत वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर देखभाल उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी देखभाल करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

डॉ. कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का स्पष्ट संकल्प है कि पंजाब का कोई भी बुजुर्ग अपने जीवन के अंतिम पड़ाव में अकेलापन या बेबसी का सामना न करे। सरकार का उद्देश्य उनके चेहरे पर मुस्कान लाना और उन्हें सुरक्षित जीवन उपलब्ध कराना है। यह वरिष्ठ नागरिक गृह उनके लिए मजबूत सहारा साबित होगा।

उन्होंने बताया कि परियोजना को शीघ्र शुरू करने के लिए जीएमएडीए के एस्टेट ऑफिसर (प्लॉट्स), पुडा भवन, मोहाली को पत्र जारी कर आवंटित भूमि का भौतिक कब्जा जल्द जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, मोहाली को सौंपने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। भूमि का कब्जा मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है और यह परियोजना वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सम्मानजनक और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित