मोहाली , जुलाई 31 -- पंजाब के मोहाली मे फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर युवतियों की कथित खरीद-फरोख्त के मामले में नया मोड़ सामने आया है। हाल ही में राजस्थान से एक युवती को रेस्क्यू कर उसके परिजनों को सौंपा गया था। इस मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पीड़िता ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि इससे पहले एक अन्य युवती को भी फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर मोहाली के कुंभड़ा से ले जाया गया था। उसे पहले पंजाब के फिरोजपुर और बाद में राजस्थान ले जाकर बेच दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि उस युवती के पिता ने करीब 1.5 लाख रुपये देकर अपनी बेटी को वापस छुड़ाया था।

राजस्थान से 28 जुलाई 2026 को रेस्क्यू की गई युवती ने आरोप लगाया कि उसे भी फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर पहले पंजाब लाया गया और बाद में राजस्थान भेज दिया गया। वहां उसे दुल्हन के कपड़े पहनाकर शादी के लिए तैयार किया गया। जब उसने देखा कि वहां न कोई कैमरा था और न ही फिल्म की शूटिंग से जुड़ी कोई व्यवस्था तब उसे शक हुआ। पूछताछ करने पर उसे पता चला कि उसे कथित तौर पर पांच लाख रुपये में बेच दिया गया है।

युवती ने बताया कि वह वहां से एक बार भागने में सफल हो गई थी लेकिन बाद में उसे दोबारा पकड़ लिया गया। इसके बाद 28 जुलाई 2026 को पुलिस ने उसे रेस्क्यू कर उसके माता-पिता को सौंप दिया।

प्रेस वार्ता के दौरान पीड़िता ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उसका कहना है कि उस पर दबाव बनाकर अदालत में ऐसे बयान दिलवाए गए जिनमें पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली युवती को ही इस पूरे मामले का जिम्मेदार बताया गया। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने दबाव डालकर उससे गलत बयान दिलवाए। साथ ही उसने यह भी आरोप लगाया कि एफआईआर में नामजद लोगों से कथित रूप से पैसे लेकर अब उसी और उसके परिवार पर बयान बदलने का दबाव बनाया जा रहा है।

हालांकि पुलिस की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं सूत्रों के अनुसार इस मामले में अभी तीन से चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है और पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित