मोहाली (एसएएस नगर) , मार्च 13 -- पंजाब के मोहाली में शुक्रवार को प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट 2026 की शानदार शुरुआत हुई और पहले ही दिन 10,000 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रतिबद्धताओं के साथ प्रमुख उद्योगपतियों ने राज्य में अपनी विस्तार योजनाओं की घोषणा की।

निवेशकों को संबोधित करते हुए 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार उद्योगों को चीन के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए आवश्यक हर सुविधा प्रदान करेगी। उन्होंने दावा किया कि व्यापार-अनुकूल माहौल के कारण पिछले चार वर्षों में 1.50 लाख करोड़ रूपए का निवेश आकर्षित हुआ है।

श्री केजरीवाल ने पंजाब के गौरवमयी इतिहास और देशभक्ति का जिक्र करते हुए कहा, "एक समय पंजाब प्रति व्यक्ति आय में नंबर वन था, लेकिन पिछले 40 वर्षों में यह फिसलकर 18वें स्थान पर आ गया। जब हमने 2022 में जिम्मेदारी संभाली, तो उद्योग पंजाब छोड़ रहे थे और राज्य कर्ज के बोझ तले दबा था।" उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया, जापान, जर्मनी, सिंगापुर और चीन जैसे देशों से प्रेरणा लेकर हमने दो मुख्य बिंदुओं पर काम किया: उद्योगपतियों से सीधा संवाद और मानव पूंजी (शिक्षा व स्वास्थ्य) में निवेश।

उन्होंने 'फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल' की सराहना करते हुए कहा कि अब 45 दिनों के भीतर ऑनलाइन मंजूरी की गारंटी है। यदि 45 दिनों में मंजूरी नहीं मिलती, तो सॉफ्टवेयर 46वें दिन खुद-ब-खुद मंजूरी दे देता है। उन्होंने एमएसएमई के लिए बड़ी राहत की घोषणा करते हुए कहा कि 15 करोड़ रूपए तक के निवेश के लिए किसी मंजूरी की प्रतीक्षा करने की आवश्यकता नहीं है, केवल पांच दिनों में स्व-सत्यापन के आधार पर पत्र मिल जाएगा।

शिक्षा और स्वास्थ्य पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में 18वें स्थान से उठकर अब देश में नंबर वन बन गया है। सरकारी स्कूलों के बच्चे अब जे ई ई और नीट जैसी परीक्षाओं में कमाल कर रहे हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में 10 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की योजना ने गरीब परिवारों को कर्ज के जाल से बचाया है।

श्री केजरीवाल ने कहा कि ये प्रयास रंग ला रहे हैं और 1.5 लाख करोड़ का निवेश जमीन पर उतरना शुरू हो गया है, जिससे 5.5 लाख नौकरियां पैदा होंगी। उन्होंने भारत को दुनिया का सबसे समृद्ध देश बनाने का संकल्प दोहराया।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह शिखर सम्मेलन आर्थिक विकास, रोजगार और औद्योगिक विस्तार के एक नए चरण की शुरुआत है। पंजाब खुद को एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित कर रहा है, जहाँ मंजूरी की तेज प्रक्रिया, उद्योग-समर्थक नीतियां और शिक्षा व स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित