मोहाली , जुलाई 25 -- पंजाब के मोहाली में शनिवार शाम करीब चार बजे नशा तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावरों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और तेजधार हथियारों से हमला कर मौके से फरार हो गए। इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार पुलिस को सनेटा गांव के पास हेरोइन (चिट्टा) की बड़ी खेप की डिलीवरी होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मोहाली की एंटी नारकोटिक्स सेल और सीआईए स्टाफ की टीम ने लांडरा-बनूर रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्धों को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ जिंदल ने बताया कि नाके के दौरान पुलिस ने एक स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया। कार में सवार व्यक्तियों ने पुलिस से बहस शुरू कर दी। उनका व्यवहार संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उनसे पूछताछ करनी चाही। इसी दौरान कार सवारों ने अपने अन्य साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में दूसरी कार में तीन से चार व्यक्ति वहां पहुंच गए।

इसके बाद आरोपितों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। कार सवारों ने पुलिस पर फायरिंग की, जबकि एक आरोपित ने तेजधार हथियार से हमला किया। गोली लगने से कांस्टेबल परमजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कांस्टेबल जगजीत सिंह पर तलवार से वार कर उन्हें घायल कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित