मोहाली , मार्च 26 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), की ओर से मोहाली के सेक्टर-79 स्थित पार्क नंबर-7 में शहीद भगत सिंह को समर्पित युवा सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब तीन हजार युवाओं ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता के रूप में आरएसएस के अखिल भारतीय सह सरकार्यवाह अतुल लिमये ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्य शक्ति बताते हुए कहा कि भारत विश्व में सबसे अधिक युवा आबादी वाला देश है और तेजी से वैश्विक गतिविधियों का केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि विविधता से जूझ रही दुनिया को भविष्य में भारत के मार्गदर्शन की आवश्यकता होगी। उन्होंने युवाओं को संविधान पढ़ने और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व क्रिकेटर सरदार रीतिंदर सिंह सोढी ने युवाओं को परिवर्तन का वाहक बताते हुए कौशल विकास, नवाचार और सकारात्मक सोच अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मेहनत और समर्पण से युवा देश को नयी ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
यह सम्मेलन आरएसएस के स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम और समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित