मोहाली , फरवरी 17 -- पंजाब के मोहाली प्रशासन ने शहर को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए शुरू की गयी विशेष मुहिम के तहत प्रशासन ने आज फेज-10 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की।
प्रशासन की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध रूप से किये गये निर्माणों और कब्जों को हटाने की कार्रवाई की। बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर किये गये अस्थायी ढांचों को तोड़ा गया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी व्यक्ति को सरकारी जमीन या सार्वजनिक स्थान पर अवैध कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर की सुचारू व्यवस्था और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
स्थानीय लोगों ने भी कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि अवैध कब्जों के कारण यातायात और स्वच्छता संबंधी समस्याएं बढ़ रही थीं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और अवैध निर्माण से बचे नहीं तो प्रशासन आगे भी कार्रवाई करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित