मोहाली , अगस्त 18 -- पंजाब सरकार की ओर से आयोजित 'खेडां वतन पंजाब दियां-सीजन 4' की मशाल मंगलवार को मोहाली पहुंची। मोहाली के सेक्टर-79 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भांगड़ा और बच्चों की मार्शल आर्ट प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक कुलवंत सिंह और राज्यसभा सदस्य मालविंदर सिंह कंग भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के अधिक अवसर दिए जाएंगे, ताकि पंजाब के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का सपना पंजाब को 'रंगला पंजाब' बनाना है और इस दिशा में खेलों को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में लड़कियों की कोच प्रभजोत कौर ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि लड़कियों को खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। सरकार की ओर से इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित