मोहाली , मई 16 -- पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलबीर सिंह सिद्धू के नेतृत्व में मोहाली नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के सभी 50 वार्डों के उम्मीदवारों ने शनिवार को गमाडा भवन में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। नामांकन प्रक्रिया के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा उतारे गए सभी उम्मीदवार शिक्षित, ईमानदार और जनसेवा के लिए समर्पित हैं। कांग्रेस हमेशा जनहित की राजनीति करती आई है और जनता एक बार फिर आगामी चुनावों में पार्टी पर भरोसा जताएगी।

आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में वार्डबंदी और वोटर सूचियों में बड़े स्तर पर हेरफेर कर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दबाव और डर की राजनीति कर रही है।वार्ड परिसीमन में कथित अनियमितताओं के कारण कुछ कांग्रेस नेता चुनाव नहीं लड़ पाए, लेकिन पार्टी उनके योगदान का सम्मान करती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी उम्मीदवारों का पूरा समर्थन करने की अपील की।

मोहाली के विकास का मुद्दा उठाते हुए श्री सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शहर में मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, डिस्पेंसरी, खेल स्टेडियम और कई बड़े विकास कार्य करवाए गए थे। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा आप विधायक कुलवंत सिंह कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को पूरा करने में विफल रहे हैं।उन्होंने कहा कि नगर निगम में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सभी लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

श्री सिद्धू ने सरकारी कर्मचारियों और समाज के सभी वर्गों से कांग्रेस पार्टी का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि पंजाब का भविष्य कांग्रेस के साथ है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी और जनता के समर्थन से बड़ी जीत हासिल करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित