मोहाली , मार्च 20 -- पंजाब में मोहाली पुलिस ने सेक्टर-77 में शादी समारोह के दौरान हुई बड़ी चोरी की वारदात को सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 37 तोले सोने के आभूषण, 1.50 लाख रुपये नकद, एक 30 बोर पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किये हैं।

पुलिस के अनुसार, 14 फरवरी को कोठी नंबर 484, सेक्टर-77 में शादी समारोह के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने घर में रखी आभूषणों और कीमती सामान से भरी अटैची चोरी कर ली थी। इस संबंध में थाना सोहाना में मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान खुलासा हुआ कि घर में बेबी केयर का काम करने वाली नेहा धमीजा ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी। उसे घर में रखे कीमती सामान की पूरी जानकारी थी। पुलिस ने तकनीकी और मानव संसाधनों की मदद से तीन आरोपियों को हिमाचल प्रदेश से और एक को लुधियाना के पास से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलकार सिंह उर्फ बब्बी (21), जसकरण सिंह उर्फ जस्स (26), प्रितपाल सिंह उर्फ अरसी (19) और नेहा धमीजा (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने चोरी की रकम से फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान भी खरीदा था, जबकि कुछ सामान नीलों नहर में फेंक दिया गया।

फिलहाल सभी आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और मामले की आगे जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित