मोहाली , सितंबर 09 -- पंजाब के मोहाली के सनेटा गांव में बुधवार को अपराध जांच एजेंसी (सीआईए) की टीम और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसके कब्जे से तीन ग्लॉक पिस्टल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, सीआई टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि तरनतारन से एक आरोपी कार में मोहाली की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध कार का पीछा शुरू किया।

पुलिस को अपने पीछे आता देख आरोपी कार लेकर सनेटा गांव के अंदर दाखिल हो गया। बताया जा रहा है कि आगे रास्ता बंद मिलने के बाद आरोपी ने कार रोक दी और वाहन छोड़कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित